गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा विद्यालय परिसर, निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिता में बच्चों ने लिया हिस्सा
इटखोरी(चतरा)। बुद्धि, कला और ज्ञान के देवता विघ्नहर्ता भगवान गणेश सोमवार को इटखोरी स्थित द विजन पब्लिक स्कूल में पधारे। गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया के जयघोष के बीच बच्चों एवं शिक्षकों ने भगवान गणेश का भव्य स्वागत किया। विद्यालय परिसर में गणेश चतुर्थी को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक ने कहा कि विद्यालय के लिए यह खूबसूरत संयोग है कि एक ही दिन हिंदी दिवस और गणेश चतुर्थी का आयोजन हो रहा है। भगवान गणेश के पूजन के साथ हिंदी दिवस भी भव्य रूप से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर ‘हिंदी हमारी मां-हमसे कितनी पास, हमसे कितनी दूर’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अलावा वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सात दिनों तक चलेगा गणेश उत्सव
विद्यालय प्रबंधक ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव के दौरान बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय की कोशिश है कि विरासत में मिली भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बच्चों के भीतर समाहित किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी गौरवशाली विरासत और संस्कृति के बारे में बताने, समझाने और सिखाने की आवश्यकता है। सात दिनों तक चलने वाला गणेश उत्सव इसी प्रयास की शुरुआत है।





















Total Users : 1183268
Total views : 3016892