सैकड़ों श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ी, गंगा पूजन के बाद पवित्र जल लेकर पूजा स्थल पहुंचे कलशयात्री
पत्थलगड़ा (चतरा)। चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड अंतर्गत बरवाडीह शास्त्री चौक में गणपति महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष, गाजे-बाजे और भक्तिमय माहौल के बीच निकली कलश यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा बरवाडीह शास्त्री चौक स्थित पूजा स्थल से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मोहल्लों और मार्गों का भ्रमण करते हुए नदी घाट पहुंची। नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन किया गया। इसके बाद महिलाओं और युवतियों ने कलशों में पवित्र जल भरकर पुनः पूजा स्थल तक शोभायात्रा निकाली। पूजा स्थल पहुंचने पर विधि-विधान से कलशों की स्थापना की गई।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने कलश यात्रियों का स्वागत कर मंगलकामनाएं दीं।
प्रखंड के कई गांवों में भी गणपति महोत्सव की धूम
बरवाडीह के अलावा प्रखंड क्षेत्र के सिंघानी पंचमुखी चौक, तेतरिया, नंगवां और अन्य गांवों में भी गणपति महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। विभिन्न पूजा समितियों द्वारा भव्य पंडालों का निर्माण कर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जा रही है। आगामी दिनों में इन पूजा स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रहने की संभावना है।






















Total Users : 1183268
Total views : 3016892