Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

कलियुगी पिता पर छह माह के मासूम की हत्या का आरोप, पत्थर पर पटकने से गई जान

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

घरेलू विवाद के बीच पिता ने कथित तौर पर मासूम को कुएं के पास पत्थर पर पटका, इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग। जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लुपुंग गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के दौरान एक पिता पर अपने छह माह के मासूम बेटे को पत्थर पर पटककर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक मासूम की पहचान अंश कुमार (6 माह) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, घर में सड़ा हुआ आलू फेंकने को लेकर अंश की मां निराली देवी और दादी फोटा देवी के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान आकाश कुमार मेहता घर पहुंचा। पत्नी और मां के बीच विवाद की जानकारी मिलने के बाद वह कथित रूप से गुस्से में आ गया।

आरोप है कि इसी दौरान आकाश ने अपने छह माह के बेटे अंश को कुएं के पास रखे पत्थर पर पटक दिया, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में मासूम को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की मां निराली देवी के बयान पर कटकमसांडी थाना में कांड संख्या 135/26 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता आकाश कुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य दोषियों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छह माह के मासूम की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment