राखी मेकिंग वर्कशॉप में दर्जनों प्रतिभागियों ने बनाई राखियां, सामाजिक संदेश के साथ मनाया जाएगा रक्षाबंधन
हजारीबाग। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और सामाजिक सरोकार को समर्पित राखी मेकिंग वर्कशॉप का आयोजन हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम एवं जन जागरण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान ट्रस्ट की सिस्टर जसलीन एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया गया। मंच संचालन शशिकांत कुमार ने किया।
मुख्य अतिथि सिस्टर जसलीन ने कहा कि राखी मेकिंग वर्कशॉप एक अच्छी पहल और नई शुरुआत है। तैयार की गई राखियों को उन लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जो अपने परिवार से दूर हैं और कहीं न कहीं अकेला जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में इस तरह का सामाजिक एवं भावनात्मक कार्यक्रम आयोजित होना गर्व की बात है।
जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार सिंह ने कहा कि हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम लगातार कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रही है। जन जागरण केंद्र का सहयोग संस्था के साथ पहले भी रहा है और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा सोहराय आर्ट एंड क्राफ्ट के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी कार्य किया जाता है। पहली बार आयोजित राखी मेकिंग वर्कशॉप को भविष्य में और व्यापक रूप दिया जाएगा।
हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम के सचिव रोहित वर्मा ने कहा कि संस्था कला, संस्कृति, खेलकूद और आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से लोगों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रत्येक कार्यक्रम किसी न किसी सामाजिक संदेश से जुड़ा होता है।
उन्होंने कहा कि इस वर्कशॉप का उद्देश्य केवल सुंदर राखियां तैयार करना नहीं है, बल्कि उन भाइयों तक राखी पहुंचाना है, जिनकी कलाई पर वर्षों से राखी नहीं बंध पाती या जो अपने परिवार से दूर रहकर त्योहार मनाने को मजबूर हैं। संस्था ऐसे लोगों तक पहुंचकर उनके साथ रक्षाबंधन मनाएगी।
वर्कशॉप में दर्जनों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने हाथों से खूबसूरत राखियां तैयार कीं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कृषि विज्ञान ट्रस्ट की सिस्टर सजिता, श्रीमती अमला राणा, जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार सिंह, हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम के अध्यक्ष शशि भूषण, परियोजना प्रबंधक देव कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सौरभ, सचिव रोहित वर्मा एवं परियोजना प्रबंधक जय मंगल सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं सदस्य उपस्थित रहे।
संस्था के संरक्षक चंदन सिंह ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं वॉलेंटियरों को बधाई देते हुए कहा कि सामाजिक संदेश से जुड़े ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पवन रजक, सुरभि कुमारी, पूजा कृति, अभिषेक अमन, अंकिता कुमारी, भीम आर्य, प्रिया कुमारी, साक्षी सिन्हा, जयंत कुमार और अनीता वर्मा सहित टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















Total Users : 1182187
Total views : 3015486