रमेश उरांव के निधन पर जय श्रीराम समिति ने जताया शोक, दी भावभीनी श्रद्धांजलि
लोहरदगा। जय श्रीराम समिति की बैठक बुधवार को हटिया गार्डन स्थित जिला कार्यालय में जिला संरक्षक परमेश्वर साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान समिति के पूर्व विधायक सह मुख्य संरक्षक रमेश उरांव के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
ज्ञात हो कि 19 अगस्त की अहले सुबह रमेश उरांव का आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन की सूचना से समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य गहरे आहत हैं। शोक सभा में जिला संरक्षक, जिला पदाधिकारी, नगर पदाधिकारी, प्रखंड पदाधिकारी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

जिला संरक्षक परमेश्वर साहू एवं सुषमा सिंह ने कहा कि रमेश उरांव का समिति के प्रति लगाव और समर्पण अत्यंत महत्वपूर्ण था। सहज एवं समर्पित भाव से कार्य करने की उनकी शैली, कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने की क्षमता तथा संगठन के प्रत्येक कार्य में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन समिति के लिए अपूरणीय क्षति है।
जिला संरक्षक अजय सोनी एवं ओम महतो ने कहा कि करीब 15 वर्षों तक संगठन के साथ उनका सफर रहा। अचानक उनके चले जाने से संगठन के सभी सदस्य मर्माहत हैं। समाज और संगठन के प्रति उनका लगाव, दूरदर्शी सोच तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए उनके द्वारा संजोए गए सपने अब समिति के लिए प्रेरणा का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि रमेश उरांव के अधूरे सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिला कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग करवा एवं जिला महिला अध्यक्ष इंदिरा प्रधान ने कहा कि रमेश उरांव का व्यवहार समिति के प्रत्येक सदस्य के साथ परिवार के सदस्य जैसा था। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और अपनापन हमेशा स्मृतियों में जीवित रहेगा।
नगर अध्यक्ष दीपक साहू ने कहा कि अब उनकी यादें ही समिति के कार्यकर्ताओं की ताकत बनेंगी। उन्होंने संगठन के लिए जो सिखाया और बताया, उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शोक सभा के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत रमेश उरांव की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उनके परिजनों को इस दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मौके पर जिला संरक्षक परमेश्वर साहू, सुषमा सिंह, अजय सोनी, अनूप गुप्ता, ओम महतो, कन्हैया करवा, राजेश महतो, जिला कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग करवा, जिला महिला अध्यक्ष इंदिरा प्रधान, नगर अध्यक्ष दीपक साहू, विक्की कसेरा, सूरज सहदेव, सुरेंद्र साहू, उपेंद्र कुशवाहा, जगमोहन महली, सुरेंद्र उरांव, नवीन साहू, उदय महतो, विकास कास्यकार, राजेश उरांव, संदीप यादव, जगन्नाथ दास, गुंजन भारती, प्रकाश साहू, आरती महली, मनोज राम, महावीर सिंह, विमल उरांव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।





















Total Users : 1138398
Total views : 2963827