विज्ञान की सोच, गणित की समझ और प्रतिभा का अद्भुत संगम
शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर लोहरदगा में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी एवं गणित मेला 2026 का आयोजन
शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, लोहरदगा में विज्ञान प्रदर्शनी एवं गणित मेला–2026 का भव्य एवं ज्ञानवर्धक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भैया बहनों ने विज्ञान और गणित के विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक एवं उपयोगी प्रदर्श प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल,उपाध्यक्ष विनोद राय,सचिव अजय प्रसाद, प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा मुख्य अतिथि जिला सह संघचालक पुष्कर महतो, अवधेश कुमार यादव, राजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन किया। अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने कराया। कार्यक्रम की भूमिका राजीव कुमार सिंह ने प्रस्तुत करते हुए विज्ञान एवं गणित के दैनिक जीवन में महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि जिला सह संघचालक पुष्कर महतो ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने, प्रश्न पूछने तथा वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं, बल्कि जीवन को सरल, सुगम और बेहतर बनाने का माध्यम है।
प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल ने अध्यक्षीय आशीर्वचन प्रदान करते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की और उन्हें निरंतर नवाचार एवं अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उपाध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, गणितीय चिंतन, नवाचार और सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करने का सार्थक संदेश देता है। निर्णायक की भूमिका में बड़की चांपी के प्रधानाचार्य मनोहर मोदी, कुडू के प्रमोद कुमार, सुंदरी देवी शिशु विद्या मंदिर के सुरेश चंद्र पांडे, रविकांत उपाध्याय, सनोज कुमार उपस्थित थे। प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों, अतिथियों एवं निर्णायकों ने विज्ञान प्रदर्शनी एवं गणित मेले में भैया बहनों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रदर्शों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों, गणितीय अवधारणाओं तथा उनके व्यावहारिक उपयोग को मॉडल एवं प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों का उत्साह एवं आत्मविश्वास देखते ही बनता था।
प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा एवं विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण का कार्य श्याम सुंदर कुमार द्वारा किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैया-बहनों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

अमन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, आचार्यगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शांति मंत्र के साथ विज्ञान प्रदर्शनी एवं गणित मेला–2026 का सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।





















Total Users : 1138389
Total views : 2963818