भगवा वस्त्र में बोल बम के जयघोष के साथ निकला विशाल जत्था, ग्रामीणों ने जगह-जगह किया स्वागत
गिद्धौर (चतरा)। सावन के पावन महीने में गिद्धौर प्रखंड के पंचायत गांव में बुधवार को शिव भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गांव से 301 से अधिक कांवरियों का विशाल जत्था भद्रकाली धाम में जलाभिषेक के लिए पैदल रवाना हुआ। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कांवरियों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए यह धार्मिक यात्रा शुरू की।

कांवर यात्रा को लेकर सुबह से ही गांव में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ था। सभी कांवरिए भगवा वस्त्र धारण कर, हाथों में कमंडल और कांवर में गंगाजल लेकर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ रवाना हुए। जत्था जैसे ही गांव से बाहर निकला, पूरा क्षेत्र बोल बम और हर-हर महादेव के नारों से गूंज उठा।
यात्रा में आगे-आगे डीजे पर शिव भजन और कांवर गीत बज रहे थे। इनकी धुन पर युवा से लेकर बुजुर्ग तक कांवरिए उत्साह के साथ नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। सावन की रिमझिम फुहार के बीच कांवरियों का यह दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
कांवरियों ने बताया कि वे भद्रकाली धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे और अपने परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पैदल यात्रा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि आपसी एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है।
कांवरियों के स्वागत के लिए ग्रामीणों ने जगह-जगह व्यवस्था की थी। ग्रामीणों ने कांवरियों को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया तथा शरबत और फल की व्यवस्था की। महिलाओं ने भी कांवरियों की मंगलमय एवं सफल यात्रा की कामना की। सावन माह में भद्रकाली धाम में भगवान शिव के जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था रहती है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में कांवरिए पैदल यात्रा कर भद्रकाली धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।



















Total Users : 1183158
Total views : 3016748