करीब 100 घरों की आबादी प्रभावित, स्कूली बच्चों और मरीजों को आवागमन में हो रही परेशानी
टंडवा (चतरा)। टंडवा प्रखंड क्षेत्र के सिसई टोला स्थित बिरोहरटांड़ को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो गई है। सड़क की बदहाल स्थिति से करीब 100 घरों की आबादी प्रभावित है। ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी प्रतिदिन आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी जमा हो जाने से स्थिति और खराब हो गई है। पैदल चलने के अलावा बाइक और साइकिल सवारों को भी इस मार्ग से गुजरने में काफी कठिनाई होती है।
भारी वाहनों के परिचालन से सड़क हुई खराब
ग्रामीण दिनेश महतो ने बताया कि खधैया पुल के समीप से बालू और ईंट लदे ट्रैक्टरों के लगातार परिचालन के कारण सड़क की स्थिति खराब हुई है। भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार, टोला के बच्चे प्रतिदिन इसी सड़क से होकर स्कूल आते-जाते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है। इसके अलावा बुजुर्गों और महिलाओं को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बाजार, स्कूल, अस्पताल समेत अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी मार्ग से मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता है। ऐसे में सड़क खराब होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
जल्द सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का स्थल निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द मरम्मत अथवा पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का स्थायी समाधान होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी। सड़क निर्माण की मांग करने वालों में दिनेश महतो, चंददेव महतो, संतोष कुमार, कैशो महतो, लखन महतो, रघु महतो, शंभू महतो समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं।






















Total Users : 1134145
Total views : 2957971