Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

बीएस कॉलेज स्टेडियम में आयोजित हुआ जिला का मुख्य समारोह

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

 

*बीएस कॉलेज स्टेडियम में आयोजित हुआ जिला का मुख्य समारोह*

———-

*कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की माननीय मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया ध्वजारोहण*

 

 

————

*जिला के उत्कृष्ट कर्मियों एवं खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित*

——————

*लोहरदगा।*स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर आज बीएस कॉलेज स्टेडियम, लोहरदगा में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखण्ड सरकार की माननीय मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पूर्व राष्ट्रगीत एवं ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ तथा समारोह में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

*स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, जिम्मेदारी भी : मंत्री*

 

इस अवसर पर अपने संबोधन में माननीय मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने, राष्ट्रगान गाने और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन और अपने दायित्वों को समझने का दिन भी है। हमें यह विचार करना होगा कि जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देश को आजादी दिलाई, क्या हम उस भारत को सही दिशा में आगे ले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता जिम्मेदारी लेकर आती है। भारत की सेवा का वास्तविक अर्थ गरीबी, अज्ञानता, बीमारी और अवसरों की असमानता को समाप्त करने के लिए कार्य करना है। आजादी केवल अंग्रेजी सत्ता से मुक्ति नहीं थी, बल्कि प्रत्येक भारतीय को सम्मान के साथ जीने का अधिकार देने का संकल्प भी थी। यह केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि करोड़ों गरीबों, किसानों, मजदूरों, आदिवासियों, दलितों, महिलाओं और युवाओं को अवसर एवं न्याय दिलाने का संकल्प था।

 

माननीय मंत्री ने कहा कि इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हमारे संविधान निर्माताओं ने भारत को ऐसी लोकतांत्रिक व्यवस्था दी, जिसकी बुनियाद न्याय, समानता और स्वतंत्रता पर आधारित है। भारत का संविधान किसी एक व्यक्ति अथवा दल की देन नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के संघर्ष, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संविधान सभा के महान विचार-विमर्श का परिणाम है। डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के अनेक महान नेताओं ने भारत के लोकतांत्रिक भविष्य की मजबूत नींव रखी।

 

 

*आदिवासी समाज का संघर्ष स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण विरासत*

 

माननीय मंत्री ने कहा कि संविधान ने आदिवासी समाज को विशेष संवैधानिक सुरक्षा प्रदान की है। यह उनके साथ-साथ पूरे आदिवासी समाज के लिए गौरव का विषय है। आदिवासी समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन तथा प्रकृति की रक्षा की है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की लड़ाई को स्वतंत्रता आंदोलन का हिस्सा बनाया।

 

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के संविधान ने आदिवासी एवं आदिवासी क्षेत्रों की विशिष्ट परिस्थितियों को स्वीकार करते हुए पांचवीं एवं छठवीं अनुसूची के माध्यम से विशेष संवैधानिक व्यवस्था की। पेसा कानून एवं वनाधिकार कानून जैसे प्रावधान भी आदिवासी हितों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। यह सब हमारे पूर्वजों के संघर्ष और जल, जंगल, जमीन से हमारे गहरे जुड़ाव की विरासत है।

 

*चुनौतियों के बीच भारत ने तय किया विकास का लंबा सफर*

 

माननीय मंत्री ने कहा कि आज का भारत एक दिन में नहीं बना। वर्ष 1947 में जब देश आजाद हुआ, तब भारत के सामने गरीबी, भुखमरी, अशिक्षा, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और कमजोर बुनियादी ढांचे जैसी अनेक चुनौतियां थीं। संसाधन सीमित थे, लेकिन देश के सपने बड़े थे।

 

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश में भारी उद्योग, इस्पात कारखाने, सार्वजनिक क्षेत्र, बड़े बांध, वैज्ञानिक संस्थान, उच्च शिक्षा, अनुसंधान एवं आईआईटी जैसी संस्थाओं की बुनियाद रखी गई। हरित क्रांति से खाद्यान्न संकट दूर हुआ और खाद्य सुरक्षा की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। बैंकों के राष्ट्रीयकरण से ऋण सुविधाओं का विस्तार हुआ। इसके बाद आर्थिक सुधारों के दौर में नई अर्थव्यवस्था का निर्माण हुआ।

 

उन्होंने कहा कि आज वर्ष 2026 में भारत दुनिया के शक्तिशाली देशों में अपनी महत्वपूर्ण पहचान बना चुका है। देश की युवा आबादी और तकनीकी क्षमता इसकी सबसे बड़ी ताकत है। हालांकि, अभी भी कई चुनौतियां हमारे सामने हैं, जिन्हें मिलकर दूर करना होगा। स्वतंत्रता दिवस हमें एक नया संकल्प लेने और देश को और मजबूत बनाने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि तिरंगे में केवल तीन रंग नहीं हैं, बल्कि इसमें मजदूरों के हाथों की मेहनत, शहीदों का बलिदान, किसानों का पसीना, आदिवासी समाज का संघर्ष, युवाओं के सपने और संविधान के प्रति विश्वास समाहित है।

 

*देश के विकास में झारखण्ड का महत्वपूर्ण योगदान*

 

माननीय मंत्री ने कहा कि देश के विकास में झारखण्ड का महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य खनिज संपदा से समृद्ध है। राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए मंईयां सम्मान योजना, बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास के लिए सड़क निर्माण, किसानों के लिए सिंचाई योजनाओं, पशुपालन को बढ़ावा देने तथा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य के लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाते हुए उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

 

*उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 कर्मी सम्मानित*

 

समारोह के दौरान जिला के विभिन्न कार्यालयों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कुल 17 कर्मियों को माननीय मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। सभी कर्मियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई।

 

*उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान*

 

समारोह में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। सब-जूनियर राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली अंशु उरांव, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स कबड्डी प्रतियोगिता 2025-26 में रजत पदक प्राप्त करने वाली कोमल उरांव तथा इसी प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल करने वाले सचिन उरांव को सम्मानित किया गया।

 

इसके अलावा आज के समारोह में ड्रिल एवं योगा के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, जोगना के बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कराटे प्रदर्शन के लिए पीएमश्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जिंगी, कुडू तथा पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सेन्हा को सम्मानित किया गया।

बेस्ट परेड में जिला सशस्त्र पुलिस बल प्रथम

बेस्ट परेड प्रतियोगिता में पुरुष जिला सशस्त्र पुलिस बल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नदिया मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के नेवल विंग ने द्वितीय तथा जवाहर नवोदय विद्यालय की एनसीसी गर्ल्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बेस्ट कंपनी कमांडर का पुरस्कार सार्जेंट मेजर मुकेश कुमार को प्रदान किया गया।

 

*समारोह में बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित*

 

समारोह में उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, पदाधिकारियों के परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

 

समारोह के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत वातावरण रहा और उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

 

=============

*#TeamPRD,Lohardaga*

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment