Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मंजुरमती हाई स्कूल महादेव आश्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मंजुरमती हाई स्कूल महादेव आश्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

 

लोहरदगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर मंजुरमती हाई स्कूल, महादेव आश्रम, लोहरदगा में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोहरदगा जिले के पूर्व उपायुक्त एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री रतन कुमार उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजय पंकज, वरिष्ठ नेता श्री ओम सिंह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष श्री राधारमण प्रसाद, विद्यालय के सचिव श्री मदन मोहन पांडेय, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनोज्ञा पांडेय, बाल विद्यावेश्म की प्राचार्या श्रीमती रीता पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने एकल गीत, एकल नृत्य, समूह नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। खो-खो के नेशनल कैंप के लिए विद्यालय के चार छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर मुख्य अतिथि श्री रतन कुमार द्वारा चयनित चारों विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

 

मुख्य अतिथि श्री रतन कुमार ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व के साथ-साथ वर्तमान समय की चुनौतियों पर भी विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल इतिहास का विषय नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह सोचने के लिए प्रेरित किया कि भविष्य में हमारा देश फिर कभी गुलाम न हो, इसके लिए हमें जागरूक, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बनना होगा।

 

उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते प्रभाव पर भी महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि AI को इंसान ने बनाया है, लेकिन आज धीरे-धीरे इंसान AI पर निर्भर होता जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सावधान करते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञान और विकास के लिए जरूर करें, लेकिन AI को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए। अपनी सोचने, समझने, निर्णय लेने और रचनात्मक क्षमता को हमेशा मजबूत बनाए रखना चाहिए।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का सदुपयोग करते हुए अपने विवेक और मानवीय क्षमताओं को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।

 

विद्यालय के छात्र-छात्राओं की विविध प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की कला, प्रतिभा और खेल उपलब्धियों की भी सराहना की गई।

 

कार्यक्रम का मंच संचालन श्री विवेक सिद्धार्थ एवं श्रीमती शीतल नारंग ने किया। अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनोज्ञा पांडेय ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

 

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, एकता, आत्मनिर्भरता और देशभक्ति की भावना के साथ हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment