उपायुक्त ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, परेड का किया निरीक्षण; जिले की विकास योजनाओं और उपलब्धियों का रखा विस्तृत लेखा-जोखा
चतरा। देश के साथ चतरा जिले में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सुबह समाहरणालय परिसर में उपायुक्त रवि आनंद ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी समेत जिले के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद उपायुक्त एवं एसपी ने फांसीहारी तालाब स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। पोस्ट ऑफिस चौक स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा और विनय भारती पार्क में भी महापुरुषों को नमन किया गया।
स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा में आयोजित हुआ। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सुसज्जित वाहन पर सवार होकर पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों की परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। छात्राओं के आकर्षक बैंड प्रदर्शन ने समारोह में देशभक्ति का रंग भर दिया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीमराव आंबेडकर, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुखदेव, राजगुरु, रानी लक्ष्मीबाई, भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव समेत सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उत्सव नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता को याद करने का अवसर भी है। विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनसेवा, पारदर्शिता और विकास को केंद्र में रखते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
मनरेगा से रोजगार, हरित ग्राम योजना में लक्ष्य से अधिक पौधरोपण
ग्रामीण विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में उपायुक्त ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून 2026 तक मनरेगा के तहत 18.58 लाख मानव दिवस के लक्ष्य के विरुद्ध 7.77 लाख मानव दिवस का सृजन किया गया है। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 1,700 एकड़ के लक्ष्य के विरुद्ध 1,799 एकड़ में वृक्षारोपण किया गया। लाभुकों ने 344 क्विंटल आम का उत्पादन कर स्थानीय बाजार में बिक्री की है।
81,965 प्रधानमंत्री आवास पूर्ण
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वर्ष 2016 से अब तक 82,985 के लक्ष्य के विरुद्ध 81,965 आवास पूर्ण किए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 15,466 आवासों में से 3,811 आवास पूरे हुए हैं। पीएम-जनमन के तहत 715 पीवीटीजी लाभुकों को आवास का लाभ दिया गया है। अबुआ आवास योजना के तहत भी हजारों लाभुकों को आवास उपलब्ध कराया गया है।
8.63 लाख लोगों को खाद्य सुरक्षा का लाभ
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले में 1,83,918 कार्डधारी परिवारों के 8,63,492 सदस्यों को आच्छादित किया गया है। पीएचएच परिवारों को प्रति सदस्य पांच किलोग्राम तथा अंत्योदय परिवारों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में 14 मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र संचालित हैं।
3,604 किसानों से खरीदा गया 1.67 लाख क्विंटल धान
धान अधिप्राप्ति के लिए जिले में 40 पैक्स/एफपीओ का चयन किया गया। 3,604 किसानों से 1,67,044.10 क्विंटल धान की खरीद की गई और किसानों को भुगतान किया गया। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप दिए जा रहे हैं। वर्ष 2025-26 में 4,035 किसानों को सोलर पंप का लाभ मिला। झारखंड कृषि ऋण माफी योजना के तहत 19,751 किसानों का ऋण माफ किया गया है।
सड़क-पुल निर्माण में भी तेजी
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2019-20 से अब तक 59 पथों की 465.802 किलोमीटर लंबाई के लिए स्वीकृति मिली, जिसमें 47 पथों की 384.437 किलोमीटर लंबाई का निर्माण पूरा हो चुका है। स्वीकृत 22 पुलों में से 14 पुलों का निर्माण पूर्ण हुआ है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के 77 स्वीकृत पथों में 36 पूर्ण हो चुके हैं। सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के 145 स्वीकृत पथों में 53 पूर्ण हुए हैं। डीएमएफटी के तहत स्वीकृत 235 पीसीसी पथ/पुलों में 189 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत 38 पुल पूर्ण और 11 निर्माणाधीन हैं।
1.90 लाख विद्यार्थियों को मिली पाठ्यपुस्तक-नोटबुक
शिक्षा के क्षेत्र में वर्ष 2026-27 में जिले के 1,569 सरकारी विद्यालयों के 1,90,980 विद्यार्थियों को समय पर निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं नोटबुक उपलब्ध कराई गई। कक्षा 1 से 8 तक के 1,44,989 विद्यार्थियों को स्कूल बैग और कक्षा 8 के 726 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल दी गई। जिले में तीन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं। 10 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय और दो झारखंड आवासीय बालिका विद्यालयों में लगभग 5,573 छात्राएं अध्ययनरत हैं। डिजिटल शिक्षा के लिए 154 स्मार्ट क्लास और 176 आईसीटी लैब संचालित हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार, 5.95 लाख गोल्डन कार्ड जारी
स्वास्थ्य क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, पोषण एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026 में गर्भवती महिलाओं की जांच के लक्ष्य 8,421 के विरुद्ध 8,250 की उपलब्धि हासिल हुई। संस्थागत प्रसव की उपलब्धि 5,758 रही, जबकि 6,901 बच्चे पूर्ण रूप से प्रतिरक्षित हुए। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 5,95,842 गोल्डन कार्ड जारी किए गए और 2,197 लाभुकों का उपचार हुआ। सदर अस्पताल में एमएनसीयू, डायलिसिस और आईसीयू की सुविधा उपलब्ध है। 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर अस्पताल भवन का निर्माण लगभग 75 प्रतिशत तथा सिमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
64.88 प्रतिशत ग्रामीण घरों तक पहुंचा नल का पानी
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के 2,21,981 घरों को नल से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। अब तक 1,44,024 घरों यानी 64.88 प्रतिशत घरों में नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 9,997 पेयजल नमूनों की जांच की गई। जिले के 1,329 गांवों में से 1,126 गांवों को ओडीएफ प्लस श्रेणी से जोड़ा गया है।
महिला एवं बाल विकास पर जोर, 39 हजार बालिकाओं को लाभ का लक्ष्य
जिले में 1,143 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में 39,000 बालिकाओं को लाभ देने का लक्ष्य है। सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से हिंसा प्रभावित महिलाओं को पुलिस, कानूनी, चिकित्सा और परामर्श सहायता दी जा रही है।
सामाजिक सुरक्षा के तहत अप्रैल से जुलाई 2026 के दौरान 1,78,501 लाभुकों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का भुगतान किया गया, जबकि 1,13,659 लाभुकों को सर्वजन पेंशन योजना का भुगतान मिला।
82,711 विद्यार्थियों को 16.26 करोड़ की छात्रवृत्ति
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत वर्ष 2025-26 में एससी, एसटी एवं ओबीसी के 82,711 विद्यार्थियों को 16.26 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत 414 लाभुकों को लगभग 13.24 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। वर्ष 2026-27 में 7,334 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल दी गई।
स्वयं सहायता समूहों को 385 करोड़ से अधिक का ऋण
महिलाओं की आजीविका और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए जेएसएलपीएस द्वारा 13,080 सखी मंडलों का गठन किया गया है, जिनसे 1,46,448 परिवार जुड़े हैं। 11,167 स्वयं सहायता समूहों को 17.87 करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड तथा 10,559 समूहों को 63.59 करोड़ रुपये का कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड उपलब्ध कराया गया। कैश क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से 11,162 सखी मंडलों को लगभग 385.02 करोड़ रुपये का ऋण मिला है। ग्रामीण कौशल विकास योजना के तहत 2,903 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें 890 युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया।
डीएमएफटी से 58.26 करोड़ की 57 योजनाएं स्वीकृत
वर्ष 2026-27 में डीएमएफटी के तहत 58.26 करोड़ रुपये की 57 योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें पुल, पीसीसी पथ, चहारदीवारी और विद्यालय भवन से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। जिला योजना अनाबद्ध निधि से वर्ष 2025-26 में 10 करोड़ रुपये की लागत से 58 योजनाएं क्रियान्वित की गईं, जबकि वर्ष 2026-27 में 9 करोड़ रुपये की 16 योजनाएं प्रगति पर हैं।
16,945 स्मार्ट मीटर लगाए गए
विद्युत क्षेत्र में आरडीएसएस योजना के तहत चतरा पैकेज की परियोजना लागत लगभग 66.61 करोड़ रुपये है और लगभग 76 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। स्मार्ट मीटरिंग के तहत 16,945 स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत 258 छूटे हुए अधिवासों के लक्ष्य में से 153 का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।
18.23 लाख पौधों का रोपण, मानव-हाथी संघर्ष पर भी विशेष ध्यान
वन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दक्षिणी वन प्रमंडल में वर्ष 2026-27 में 18,23,323 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। मानव-हाथी द्वंद्व प्रभावित क्षेत्रों में 228 सोलर लाइट और 90 टॉर्च उपलब्ध कराए गए हैं तथा एनिमल रेस्क्यू टीम का गठन किया गया है।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए 445 एकड़ भूमि अधिग्रहित
बड़ी परियोजनाओं की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि वाराणसी-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत चतरा जिले में 445 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया है और प्रभावित रैयतों को अब तक लगभग 205 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। चतरा बाईपास और सिमरिया बाईपास परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान की कार्रवाई पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
दूध उत्पादन से लेकर पर्यटन तक विकास की तस्वीर
पशुपालन क्षेत्र में वर्ष 2025-26 में 690 किसानों को विभिन्न दुग्ध एवं पशुधन योजनाओं का लाभ मिला। जिले से प्रतिदिन लगभग 7,000 लीटर दूध का संग्रहण किया जा रहा है। मत्स्य विभाग के अनुसार वर्ष 2026-27 में 4,100 मीट्रिक टन मत्स्य उत्पादन दर्ज किया गया तथा लगभग 2,246 हेक्टेयर जलक्षेत्र में मत्स्य पालन हो रहा है। चतरा में आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र संचालित है और विभिन्न प्रखंडों में स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है। जिले में 18 अधिसूचित पर्यटन स्थल हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समन्वित प्रयास से जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का संकल्प है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, प्रत्येक परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिले, किसानों की आय एवं उत्पादकता बढ़े तथा युवाओं को कौशल और रोजगार के अवसर मिलें।
उपायुक्त ने युवाओं से ज्ञान, अनुशासन, नवाचार और राष्ट्रप्रेम को अपनी शक्ति बनाने तथा नशे, हिंसा और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण एवं जल संरक्षण, स्वच्छता, बेटियों की शिक्षा, संविधान के मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में सभी से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी, संवेदनशील, उत्तरदायी एवं जन-केंद्रित प्रशासन देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता के साथ सुशासन सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्य समारोह में जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रिज किशोर तिवारी, नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान, उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल मीणा, दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।































Total Users : 1123376
Total views : 2943151