शहीदों के बलिदान को याद कर भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
लोहरदगा। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट, लोहरदगा कार्यालय परिसर में शनिवार को पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में ध्वजारोहण किया गया। तिरंगा लहराते ही परिसर भारत माता की जय और वीर शहीद अमर रहें के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के साथ शिक्षक, समाजसेवी, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए।
ट्रस्ट के अध्यक्ष धर्मराज महतो ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग व बलिदान का परिणाम है। हर भारतीय को आजादी की कीमत समझते हुए अपने जीवन में इसका सम्मान करना चाहिए। स्वतंत्रता दिवस शहीदों को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का दिन है।
ट्रस्ट की संरक्षक डॉ. टी. साहू ने कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सच्ची देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं, बल्कि हमारे आचरण और कर्मों में दिखाई देनी चाहिए। राष्ट्रहित में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना ही सच्ची देशसेवा है।
वहीं संरक्षक सहदेव उरांव ने वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भरा। कार्यक्रम के अंत में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया गया।




















Total Users : 1182183
Total views : 3015478