विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
चतरा। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय स्टीयरिंग-सह-मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित प्रधानमंत्री पोषण योजना (मध्याह्न भोजन योजना) सहित शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान विद्यालयों में संचालित प्रधानमंत्री पोषण योजना के संचालन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब पात्र लाभुकों तक सभी सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचें। इसके लिए संबंधित सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा नियमित अनुश्रवण के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों तक शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने, विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, सिविल सर्जन, हंटरगंज के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक मो. इजाजुल हक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।























Total Users : 1098216
Total views : 2909195