97 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की, बालिका आवासीय विद्यालय व स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं का भी लिया जायजा
चतरा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने सोमवार को चतरा जिले के मयूरहंड प्रखंड का दौरा कर प्रखंड सह अंचल कार्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, आधारभूत संरचनाओं और आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पदाधिकारियों एवं कर्मियों से उनके कार्य दायित्वों की जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतिदिन समय पर कार्यालय पहुंचकर आमजनों की समस्याओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी, कैश बुक सहित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया तथा उनके समुचित संधारण पर बल दिया। साथ ही कार्यालय परिसर एवं विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित कार्य वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कल्याण विभाग की “उन्नति की पहिया” योजना के तहत 97 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरित की। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ उनकी नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में भी सहायक सिद्ध होगी।
दौरे के दौरान उपायुक्त ने झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, कक्षाओं, छात्रावास, खेल मैदान, ओपन जिम तथा साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वयं कक्षा में पहुंचकर छात्राओं का पाठ भी लिया और उन्हें विषय को समझकर अध्ययन करने, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्टाफ क्वार्टर एवं ओपन थिएटर निर्माण की मांग पर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार को स्थल का आकलन कर आवश्यक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मयूरहंड का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या को देखते हुए पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही डायग्नोस्टिक सेंटर, दवा भंडारण कक्ष, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, वार्ड, शौचालय एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी मुलाकात कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करने पर बल दिया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा गार्ड की आवश्यकता बताए जाने पर उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार, बीपीओ अजय सिन्हा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
























Total Users : 1098216
Total views : 2909195