राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व जनभागीदारी पर दिया गया जोर
पत्थलगड़ा (चतरा)। पत्थलगड़ा प्रखंड अंतर्गत ग्राम सिंघानी स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप विद्यालय प्रबंधन समिति एवं सरस्वती वाहिनी संचालन समिति का गठन किया गया। यह गठन राज्य परियोजना निदेशक के 2 जुलाई 2026 के आदेश तथा जिला शिक्षा अधीक्षक, चतरा के निर्देश के आलोक में पूर्ववर्ती समिति को निरस्त कर आयोजित आमसभा के माध्यम से किया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित आमसभा की अध्यक्षता वार्ड सदस्य पूनम देवी ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक चेतलाल राम रजक ने किया। बैठक में अभिभावकों, ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार की उपस्थिति में सर्वसम्मति से 20 सदस्यीय सरस्वती वाहिनी संचालन समिति का गठन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से सोनी देवी को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष, मिंटू प्रसाद केशरी को उपाध्यक्ष, पिंकी देवी को संयोजिका तथा जमीला खातून को उप-संयोजिका चुना गया।
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, समग्र विकास तथा विद्यालय संचालन में जनभागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई प्रबंधन समिति विद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी। इस अवसर पर सहायक शिक्षिका सुप्रिया कुमारी, सुनीता पाण्डेय, मीना देवी, शांति देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






















Total Users : 1098216
Total views : 2909195