पुलिस ने पुतला किया जब्त, कार्यकर्ताओं ने रिहाई की मांग को लेकर की नारेबाजी
चतरा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय स्थित केसरी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही।
भाजयुमो के प्रदेश मंत्री अमीत साहू एवं जिलाध्यक्ष सुमन सौरव के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता गंदौरी मंदिर से जुलूस निकालते हुए केसरी चौक पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए श्रीनिवास की गिरफ्तारी का विरोध जताया।
जैसे ही पुतला दहन की तैयारी शुरू हुई, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुतला जब्त कर लिया और कार्यक्रम को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने श्रीनिवास की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुमन सौरव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के दबाव में पुलिस विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने श्रीनिवास की शीघ्र रिहाई की मांग करते हुए “जेल का ताला टूटेगा, श्रीनिवास छूटेगा” और “भाजपा नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करना बंद करो” जैसे नारे लगाए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि पुतला दहन के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण प्रदर्शन में अपेक्षाकृत कम संख्या में कार्यकर्ता शामिल हो सके। वहीं कुछ नेताओं ने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान काली यादव के समर्थन में किसी भी कार्यकर्ता ने नारेबाजी नहीं की। प्रदर्शन में सांसद प्रतिनिधि राहुल सिंह, सतेंद्र दांगी, सुरेंद्र साव, कपिल दांगी, मनोज दांगी सहित भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।























Total Users : 1079848
Total views : 2882908