WhatsApp Group Join Now
चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद द्वारा जनगणना 2027 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने जनगणना की प्रक्रिया, समय-निर्धारण तथा जिले में की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि भारत की जनगणना विश्व की सबसे बड़ी प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जो देश की योजनाओं एवं विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनगणना-2027 देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी, जिसे इस बार डिजिटल माध्यम से संपन्न कराया जाएगा। प्रगणक विशेष मोबाइल एप के माध्यम से घर-घर जाकर आंकड़ों का संग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में पूरी होगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं भवन गणना, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 मई से 15 मई 2026 तक सेल्फ एन्यूमरेशन, 16 मई से 14 जून 2026 तक हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन तथा फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना प्रस्तावित है। जिले में जनगणना कार्य के लिए कुल 13 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 12 ग्रामीण एवं 1 शहरी क्षेत्र शामिल हैं। इसके तहत 2418 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक चिन्हित किए गए हैं। कार्य के लिए 343 सुपरवाइजर एवं 1928 प्रगणक प्रतिनियुक्त किए गए हैं। उपायुक्त ने आगे बताया कि जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण जनवरी 2026 में कराया गया। चार्ज पदाधिकारी, अपर चार्ज पदाधिकारी एवं तकनीकी सहायकों का प्रशिक्षण 10 से 12 मार्च तक तथा फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 8 से 10 अप्रैल 2026 तक संपन्न हुआ। इसके अलावा 37 फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से 27 अप्रैल से 9 मई 2026 तक प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण चार्ज स्तर पर कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) के निर्माण एवं सीमांकन का कार्य 25 अप्रैल 2026 तक पूरा कर लिया गया है। वहीं एचएलबी विवरण, सुपरवाइजरी सर्किल निर्माण एवं आवंटन का कार्य 30 अप्रैल 2026 तक पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि सेल्फ एन्यूमरेशन के लिए कुल 33 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं। आमजन 1 मई से 15 मई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार एवं मकान से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं, जिसकी पुष्टि बाद में प्रगणक द्वारा की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। उन्होंने लोगों से साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना से जुड़ी कोई भी जानकारी फोन कॉल, ओटीपी या बैंक विवरण के माध्यम से नहीं मांगी जाएगी। प्रगणक घर-घर जाकर ही आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।




















Total Users : 939798
Total views : 2692242