WhatsApp Group Join Now
टंडवा (चतरा)। औद्योगिक नगरी टंडवा में सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाकर चल रहे अवैध मिट्टी उत्खनन के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। मीडिया में मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर गुरुवार को प्रभारी अंचल अधिकारी देवलाल उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम ने प्रभावित स्थलों का औचक निरीक्षण किया। सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। बताया जाता है कि चतरा जिले में चल रहे शिवपुरी-कठौतिया रेलवे निर्माण कार्य के लिए बड़े पैमाने पर मिट्टी भराई की जा रही है। आरोप है कि इरकॉन कंपनी के अधीन कार्यरत वेंडर कंपनियां मिलेनियम, झंझरिया और रॉयल कंपनी बिना किसी वैध लीज बंदोबस्त के अवैध रूप से मिट्टी उत्खनन कर रही हैं। जांच के दौरान विभागीय अधिकारियों ने पदमपुर और मिसरौल पंचायत क्षेत्र के आसपास सरकारी एवं वन भूमि का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि बिना पर्यावरण स्वीकृति और बिना रॉयल्टी चुकाए हजारों ट्रक मिट्टी का उठाव किया गया है, जिससे सरकारी राजस्व को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासनिक सक्रियता बढ़ते ही अवैध खनन में शामिल कंपनियों के गुर्गों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों की मानें तो मामले को दबाने के लिए अंदरखाने प्रयास भी शुरू हो गए हैं। जांच अधिकारियों ने बताया कि सभी तथ्यों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है और अग्रेतर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



















Total Users : 939799
Total views : 2692248