हवन-भंडारे में उमड़ा जनसैलाब, कृष्ण लीला के संदेश से गूंजा पूरा क्षेत्र
सिमरिया (चतरा): जिले के सिमरिया प्रखंड अंतर्गत पुंडरा गांव में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का बुधवार को विधिवत और भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन पूरा क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। कथा व्यास भागवत भ्रमर मृत्युंजय मिश्र ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके प्रवचनों से उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो उठे। समापन अवसर पर हवन-पूजन, विशाल भंडारा और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन स्थल पर दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। आयोजक गिरिजानंदन पंडित परिवार ने सभी सहयोगकर्ताओं और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताते हुए भगवान राधाकृष्ण की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। कथा व्यास ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और संस्कारों का संचार करते हैं। उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा को मोक्षदायिनी बताते हुए इसके श्रवण के महत्व पर प्रकाश डाला। इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान अंजना देवी एवं परमानंद शर्मा रहे, जबकि कथा परायण का दायित्व पंडित अनुज पाठक और कथा व्यास मृत्युंजय मिश्र ने निभाया। पूरे आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जिससे पुंडरा गांव पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।





















Total Users : 938093
Total views : 2689986