खरीदारी कर लौट रहे थे पति-पत्नी, रास्ते में हुई फायरिंग, पुलिस को मौके से मिले 2 खाली खोखे, पारिवारिक विवाद और पुरानी शिकायतों के एंगल से मामले की गहन जांच शुरू
केरेडारी (हजारीबाग) : झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोले स्टेशन के पास एक बाइक सवार दंपति पर अज्ञात हमलावरों द्वारा गोलीबारी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में पत्नी की मौत हो गई है, जबकि पति घायल हो गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसमें पारिवारिक विवाद और हत्या की साजिश का एक नया एंगल भी सामने आ रहा है। मृतका की मां ने पति और ससुराल वालों को ही इस घटना का आरोपी बनाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राय बस्ती निवासी विकास प्रजापति अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ मोटरसाइकिल से रामगढ़ से खरीदारी कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान खलारी-पतरातू मुख्य मार्ग पर कोल स्टेशन के सामने एक पुलिया के पास पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
इस हमले में विकास प्रजापति की बायीं बांह में गोली लगी, जबकि मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत बचरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास प्रजापति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS) रांची रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही केरेडारी थाना की हेंदेगीर पिकेट पुलिस और पिपरवार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से 2 खाली खोखे और कुछ अन्य सामान बरामद किया है। वहीं, केरेडारी पुलिस ने बचरा अस्पताल पहुंचकर मृतका मंजू देवी के शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना के पीछे गहरा पारिवारिक विवाद होने की आशंका है। मंजू देवी विकास प्रजापति की दूसरी पत्नी थीं। दोनों की शादी 15 जुलाई 2020 को हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि विकास अक्सर मंजू के साथ मारपीट करता था। विगत 21 सितंबर 2025 को विकास के खिलाफ खलारी थाने में प्रताड़ना को लेकर एक सनहा भी दर्ज कराया गया था। यह भी बात सामने आई है कि विकास की पहली पत्नी पूनम देवी (निवासी उड़ीसा) वर्तमान में बचरा में ही रहती है। इसके अलावा, विकास पर किसी अन्य महिला के साथ भी संपर्क में होने का आरोप है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद मृतका की मां देवन्ति देवी ने केरेडारी थाने में एक लिखित आवेदन दिया है। इस शिकायत में उन्होंने स्पष्ट रूप से मृतका के पति विकास प्रजापति, ससुर नरेश प्रजापति, ननद गुड़िया देवी, निशा देवी, पूजा देवी और ननदोई संदीप प्रजापति व संजय प्रजापति को इस हत्याकांड का आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस अब सभी बिंदुओं और लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।





















Total Users : 934414
Total views : 2685083