लोहरदगा-।झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) 2025 की प्रारंभिक परीक्षा लोहरदगा जिले में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न हुई। इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। इस परीक्षा में कुल 4305 अभ्यर्थियों में से पहली पाली में 2977 अभ्यर्थी उपस्थित और 1328 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कुल 4305 अभ्यर्थियों में से 2973 अभ्यर्थी उपस्थित और 1332 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के साथ करने पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सर्वप्रथम जिला नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया जहां उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पदाधिकारियों व कर्मियों को परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सतत निगरानी के निर्देश दिये।उपायुक्त श्री मीना ने भी सीसी टीवी के माध्यम से सभी केंद्रों की जानकारी ली।
*उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक परीक्षा केंद्रों पर पहुंच प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को दिए शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश*
उपायुक्त संदीप कुमार मीना के नेतृत्व में जिला प्रशासन की पूरी टीम परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।उपायुक्त ने सीएम उत्कृष्ट नदिया हिन्दू उच्च विद्यालय, बीएस कॉलेज लोहरदगा, उर्सुलाइन कॉन्वेंट विद्यालय, मंजूरमति उच्च विद्यालय समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, प्रश्नपत्र वितरण, बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्र अधीक्षकों और दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ सुनिश्चित की गई थी, ताकि किसी भी तरह की नकल या अव्यवस्था की संभावना न रहे।
*परीक्षार्थियों का चेकिंग करते हुए बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कर केंद्रों के अंदर प्रवेश की अनुमति दी गयी*
जिला प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। आपत्तिजनक सामग्रियों को केंद्र के अंदर ले जाने से रोकने लिए अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और उनका फिंगरप्रिंट और रेटीना इमेज बायोमेट्रिक पहचान को संधारित किया गया साथ ही नियमों का सख्ती से अनुपालन का निर्देश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की भी व्यवस्था आयोग द्वारा की गई थी जिससे कि परीक्षा प्रक्रिया और प्रत्येक परीक्षार्थी पर लगातार नजर रखी जा सके।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की सूचना नहीं मिली। इस प्रकार, जिले में आयोजित जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुई।
आज उपायुक्त के केंद्र निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, परीक्षा के लिए वरीय नोडल पदाधिकारी के रूप में आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, एसडीएम अमित कुमार, किस्को एसडीपीओ वेदांत शंकर, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी समीर तिर्की समेत अन्य शामिल रहे।





















Total Users : 917516
Total views : 2661884