गुप्त सूचना पर एक्शन, SDM के तेवर से हड़कंप—दोषियों पर FIR के निर्देश
गढ़वा (झारखंड)। गढ़वा जिले में अवैध बालू के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं की कमर तोड़ने की कोशिश की है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में मेराल प्रखंड के हासनदाग क्षेत्र में की गई औचक छापेमारी में अवैध रूप से भंडारित 61 ट्रैक्टर बालू जब्त किया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि उन्हें लगातार हासनदाग क्षेत्र स्थित यूरिया नदी से अवैध बालू खनन और बड़े पैमाने पर भंडारण की गुप्त सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर जब छापेमारी की गई, तो मौके पर बालू के 61 अलग-अलग ढेर पाए गए। जांच के दौरान बालू में नमी पाई गई, जिससे स्पष्ट हुआ कि खनन हाल ही में किया गया था।
स्थानीय स्तर पर पूछताछ के दौरान इस अवैध कारोबार में नंदलाल तिवारी, प्रदीप तिवारी, दयावंत तिवारी और रिंकू तिवारी समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। एसडीएम ने अंचल पदाधिकारी यशवंत नायक और मेराल थाना प्रभारी को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का सख्त निर्देश दिया है। मौके पर ही एसडीएम ने मेराल सीओ को जब्ती की प्रक्रिया पूरी करने और आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा। वहीं जिला खनन पदाधिकारी को भी पूरे मामले की गहन जांच कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध खनन और बालू तस्करी की जानकारी समय पर प्रशासन को दें, ताकि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन न केवल आर्थिक अपराध है, बल्कि यह पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाता है और कानून-व्यवस्था के लिए भी खतरा बनता है। ऐसे अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ेः- तेली साहू समाज की प्रखंड समिति गठित, सम्मान समारोह में उमड़ी भीड़
इसे भी पढ़ेः- रवि आनंद बने चतरा के 40वें उपायुक्त, पदभार संभालते ही तय की प्राथमिकताएं
इसे भी पढ़ेः- अनिमेश नैथानी बने चतरा के 33वें पुलिस अधीक्षक, पदभार ग्रहण करते ही दिए सख्त संकेत
इसे भी पढ़ेः- जिले को मिला नया ‘कप्तान’, प्रोन्नति के बाद डीडीसी बने उपायुक्त
इसे भी पढ़ेः- लापता छात्र की बरामदगी में सहयोग करने वाले टोटो चालक सम्मानित






















Total Users : 917128
Total views : 2661229