चेहरे पर कालिख पोत मोहल्ले में घुमाया, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर भेजा जेल
रांची जिले के सदर थाना क्षेत्र से महिला के साथ मारपीट और सार्वजनिक अपमान का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पीड़िता, जो मूल रूप से खूंटी जिले की रहने वाली है, सदर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। महिला के अनुसार, 29 मार्च को आरोपी पंकज कुमार सिंह उर्फ पंकज उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जबरन उसे बाहर खींच लिया।
आरोप है कि आरोपी ने महिला और एक अन्य महिला के साथ मारपीट की, उनके कपड़े फाड़ दिए और चप्पल की माला पहनाकर उनके चेहरे पर कालिख पोत दी। इसके बाद उन्हें पूरे मोहल्ले में घुमाया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके बेटे और परिचितों पर वाहन चोरी का आरोप लगाते हुए हमला किया और गलत नीयत से पकड़ने की कोशिश की।
घटना के बाद पीड़िता ने 29 मार्च को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी पंकज कुमार सिंह और सनताना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





















Total Users : 875087
Total views : 2601505