मुखियाओं का विरोध, बीडीओ ने लिया फैसला, जिला स्तर से मांगा मार्गदर्शन
हंटरगंज (चतरा)। सोमवार को हंटरगंज प्रखंड कार्यालय सभागार में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित प्रखंड स्तरीय चयन समिति की बैठक हंगामे के बीच स्थगित कर दी गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी निखिल गौरव कमान कच्छप ने की। बैठक के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने वर्ष 2023-24 एवं 2025-26 की योजना में अनियमितता का आरोप लगाया। प्रतिनिधियों का कहना था कि ग्राम सभा के माध्यम से सभी पंचायतों से आवेदन और अभिलेख लिए जाते हैं, लेकिन अंतिम चयन में पारदर्शिता नहीं दिखती। कुछ पंचायतों में एक भी लाभुक का चयन नहीं होता, जबकि कुछ में अधिक संख्या में स्वीकृति दी जाती है। इस मुद्दे को लेकर मुखियाओं में नाराजगी और आक्रोश देखा गया। स्थिति को देखते हुए बीडीओ ने बैठक को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया। मुखियाओं ने जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त से मार्गदर्शन लेने की मांग की है, ताकि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और समानता सुनिश्चित की जा सके। बैठक में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के दर्जनों मुखिया उपस्थित रहे।





















Total Users : 873844
Total views : 2599838