सनसनीखेज वारदात: खुद भी किया आत्महत्या का प्रयास, तेज आवाज में स्पीकर चलाकर एक-एक कर तीनों बच्चों की हत्या कर दी
बिहार के औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहन गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी चाचा ने अपने ही तीन सगे भतीजे-भतीजियों की निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अमंत पाल ने कटर मशीन से 10 वर्षीय अनीश कुमार, 7 वर्षीय आयुष कुमार और 5 वर्षीय अनुष्का कुमारी का गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद का भी गला काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह आरोपी घर से बाइक से बाहर गया था। कुछ समय बाद लौटकर उसने घर का दरवाजा खटखटाया। उस समय उसकी भाभी अनीता देवी स्नान कर रही थीं, जिससे दरवाजा खोलने में थोड़ी देर हो गई। दरवाजा खुलते ही आरोपी घर में घुसा और तेज आवाज में स्पीकर चलाकर कटर मशीन से एक-एक कर तीनों बच्चों की हत्या कर दी, ताकि चीख-पुकार बाहर न सुनाई दे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। आनन-फानन में आरोपी को इलाज के लिए हसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सूचना मिलने पर हसपुरा थाना पुलिस और दाउदनगर अनुमंडल के एसडीपीओ अशोक कुमार दास मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार, मृत बच्चों के पिता गुड्डू पाल बाहर रहकर ट्रेन में पैंट्री कार में काम करते हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है और आरोपी के होश में आने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।






















Total Users : 873936
Total views : 2599958