सम्मान, पुरस्कार और शुभकामनाओं के साथ नए सफर की शुरुआत
प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर प्रखंड के गजवा पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पाती में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के समापन अवसर पर आठवीं कक्षा उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के लिए भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में सफल छात्र-छात्राओं को फूल-माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर तथा पुरस्कार स्वरूप कलम भेंट कर सम्मानित किया गया। इस भावुक पल में शिक्षकों एवं अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई में निरंतर मेहनत और सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अन्य विद्यार्थियों को भी ट्रॉफी प्रदान कर पढ़ाई के प्रति लगन और अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया, ताकि वे भी जीवन में ऊंचे लक्ष्य प्राप्त कर सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि एक शिक्षक के लिए यह गर्व का क्षण होता है, जब छोटे बच्चों को पहली कक्षा से पढ़ाकर आठवीं तक पहुंचाया जाता है और वे आगे की शिक्षा के लिए नए पड़ाव की ओर बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का विदाई समारोह बच्चों के मनोबल को बढ़ाने और उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर शिक्षक सुरेश यादव, संजय यादव सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष प्रधानाचार्य के प्रयास से बच्चों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, जिससे वे बेहद खुश और संतुष्ट हैं। समारोह का माहौल एक ओर खुशी से भरा रहा, तो दूसरी ओर विदाई की हल्की भावनाएं भी झलकती रहींकृजहां बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें साफ दिखाई दीं।





















Total Users : 873848
Total views : 2599846