शिफ्ट होने के कुछ घंटों बाद ही मिली लाश, मोबाइल चैट खंगाल रही पुलिस
भागलपुर, बिहार। बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर स्थित एक निजी हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृत छात्रा अररिया जिले की रहने वाली थी और डॉक्टर बनने का सपना लेकर भागलपुर आई थी।
जानकारी के अनुसार, छात्रा उसी दिन अपने माता-पिता के साथ हॉस्टल में रहने के लिए आई थी। परिजन उसे कमरे में व्यवस्थित कर कुछ ही घंटे पहले वापस लौटे थे। उनके जाने के करीब तीन घंटे बाद ही कमरे से छात्रा का शव मिलने की सूचना मिली। हॉस्टल संचालक जवाहरलाल के अनुसार, जब आसपास की छात्राओं ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो संदेह होने पर दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
परिजनों का कहना है कि शिफ्टिंग के समय छात्रा बिल्कुल सामान्य और खुश नजर आ रही थी। ऐसे में अचानक क्या हुआ, यह समझ से परे है। घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल सहित कुछ अन्य सामान जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल से कुछ संदेश मिले हैं, जिन्हें मामले की अहम कड़ी माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई साजिश है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और हॉस्टल की अन्य छात्राओं व मृतका के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ जारी है।



















Total Users : 860827
Total views : 2581702