चतरा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत एमएसएमई-विकास कार्यालय, रांची द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पीएम विश्वकर्मा प्रदर्शनी सह व्यापार मेला का शुभारंभ सोमवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भव्य रूप से किया गया। यह मेला 23 से 25 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल, उपायुक्त कीर्तिश्री जी एवं पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में एमएसएमई विकास कार्यालय, रांची के सहायक निदेशक एवं कार्यक्रम समन्वयक सुरेंद्र शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात निदेशक इंद्रजीत यादव ने मेले के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पीएम विश्वकर्मा योजना से जुड़े कारीगरों को प्रोत्साहित करना, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। मेले में 72 से अधिक कारीगर अपने हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर रहे हैं। यह मंच उन्हें अपनी कला और कौशल को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है। अपने संबोधन में सिमरिया विधायक ने कहा कि यह आयोजन स्थानीय हस्तशिल्प को पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। वहीं चतरा विधायक ने कारीगरों की सराहना करते हुए कहा कि ये पारंपरिक कला और संस्कृति के जीवंत प्रतीक हैं और इनके उत्पादों को इस स्तर पर देखना गर्व की बात है। जिप अध्यक्ष ममता देवी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोग मेले में पहुंचकर कारीगरों के उत्पादों की खरीदारी करें, जिससे उनका उत्साहवर्धन हो सके। उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि मेले में प्रदर्शित हस्तनिर्मित उत्पाद अत्यंत उत्कृष्ट एवं सराहनीय हैं। यह आयोजन कारीगरों को अपनी कला प्रदर्शित करने के साथ-साथ उनके आर्थिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कारीगरों एवं आमजनों की उपस्थिति रही। लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कारीगरों के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में जिप उपाध्यक्ष बृज किशोर तिवारी, डीडीसी अमरेंद्र कुमार सिन्हा, डीएफओ (उत्तरी) राहुल मीणा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
पीएम विश्वकर्मा प्रदर्शनी सह व्यापार मेला का भव्य शुभारंभ, कारीगरों को मिला मंच, हस्तशिल्प उत्पादों की दिखी अनूठी झलक

On: March 23, 2026 9:41 PM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now




















Total Users : 860746
Total views : 2581596