समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने जताई चिंता, छापेमारी तेज करने का आदेश
चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति और अवैध खनन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। खनन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में फरवरी तक 71 प्राथमिकी दर्ज कर 152 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि 201 वाहनों से 39,13,900 रुपये की दंड राशि वसूली गई। वहीं वर्ष 2024-25 में इसी अवधि तक 89 प्राथमिकी, 150 वाहन जब्ती और 30,42,823 रुपये की वसूली की गई थी। समीक्षा में पाया गया कि चालू वर्ष में प्राथमिकी दर्ज करने की गति धीमी है, जिस पर उपायुक्त एवं एसपी ने नाराजगी जताई। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित औचक छापेमारी अभियान चलाकर अवैध खनन और परिवहन के मामलों में सख्ती से प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही बीडीओ एवं सीओ को कैटेगरी-1 बालूघाटों से प्राप्त राजस्व की मासिक विवरणी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा। खनन गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स को विशेष सक्रियता के साथ कार्य करने और अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। सीसीएल परियोजना पदाधिकारियों को कोयला ढुलाई में लगे वाहनों का भीटीडी पंजीकरण सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया। प्रदूषण नियंत्रण को लेकर बिना सीटीई/सीटीओ संचालित क्रशर इकाइयों, खनन पट्टों एवं ईंट भट्ठों पर सख्त कार्रवाई करने तथा वैध इकाइयों की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सघन वाहन जांच अभियान चलाने, लंबित हिट एंड रन मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा संघरी घाटी क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने को कहा। जिला परिवहन पदाधिकारी को भारी वाहनों, विशेषकर कोयला ढुलाई में लगे वाहनों पर 40 किमी प्रति घंटा की गति सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही गुड सेमेरिटन पॉलिसी के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले लोगों को चिन्हित कर लाभान्वित करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ चतरा जहूर आलम, एसडीओ सह जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, एसडीओ सिमरिया, जिला खनन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






















Total Users : 860795
Total views : 2581662