इटखोरी (चतरा)। चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित हजारीबाग रोड पर होटल साईं पैलेस के समीप बीते देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से दो परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सिलाड़ गांव निवासी मिथलेश भुईयां, धुना गांव निवासी पंकज भुईयां और नीरज कुमार भुईयां एक ही बाइक पर सवार होकर अपने एक दोस्त की शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान करनी से धुना गांव जाने के क्रम में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिथलेश भुईयां की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल पंकज भुईयां को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि पंकज अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं तीसरे घायल नीरज कुमार भुईयां को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से यह दुर्घटना हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है और वाहन व चालक की तलाश में जुट गई है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद सिलाड़ और धुना गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है।




















Total Users : 834533
Total views : 2545375