आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार शाम लोहरदगा सदर थाना परिसर में शांति समिति बैठक सह होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, शांति समिति के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। बैठक की अध्यक्षता सदर अंचल अधिकारी रामनारायण खलखो तथा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने संयुक्त रूप से की। थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, जबरन रंग लगाने, हुड़दंग करने या नशे की हालत में उत्पात मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा लगातार गश्त की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहे। उन्होंने सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट साझा करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से अपील की गई कि वे जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सदर अंचल अधिकारी रामनारायण खलखो ने कहा कि होली प्रेम, आपसी विश्वास और सामाजिक समरसता का पर्व है। इसे मिल-जुलकर और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे और प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। अंत में होली मिलन के अवसर पर सभी ने गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी और शांतिपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया।






















Total Users : 826819
Total views : 2534856