
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने किया मतदान केंद्र, मतगणना केंद्र और चेकपोस्ट का निरीक्षण
लोहरदगा।नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के मद्देनजर उपायुक्त डॉ ताराचंद और पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने संयुक्त रूप से आज बक्सीडीपा स्थित मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय बक्सीडीपा के दोनों मतदान केंद्रों (उत्तरी एवं दक्षिणी भाग) एवं लूथरन उच्च विद्यालय स्थित दोनों मतदान केंद्रों (पूर्वी एवं पश्चिमी भाग) का निरीक्षण किया जिसमें पोलिंग पार्टी के पहुंचने के पूर्व मतदान केंद्रों में आवश्यक तैयारियां करा लिये जाने का निदेश उप निर्वाचन पदाधिकारी को दिया गया। मतदान 23 फरवरी 2026 को प्रातः सात बजे से शाम पांच बजे तक लोहरदगा परिषद क्षेत्र के 46 मतदान केंद्रों पर होंगे।
मतगणना की तैयारी का किया निरीक्षण
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक द्वारा आज कृषि बाजार स्थित लोहरदगा में बनाये गये मतगणना केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इसमें आवश्यक बैरिकेटिंग, बैलेट बॉक्स रिसीविंग सेंटर, मीडिया सेंटर, गणना टेबल आदि की तैयारियों का अवलोकन किया और निदेश कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमण्डल, लोहरदगा को दिया गया।
स्टैटिक सर्विलांस टीम को दिये निदेश
वाहनों की आवश्यक जांच हेतु स्थापित अस्थायी चेकेपोस्ट जिसमें बक्सीडीपा चेकपोस्ट और शंख नदी का चेकपोस्ट शामिल हैं, का निरीक्षण भी संयुक्त रूप से उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। इसमें प्रतिदिन की रही जांच से संबंधित पंजी का अवलोकन किया गया और गहनता के साथ जांच के निदेश दिये गये।
_आज इस अवसर पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, एनडीसी अभिनीत सूरज समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।_



















Total Users : 811064
Total views : 2513597