
प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर प्रखंड अंतर्गत एघहारा पंचायत में आयोजित श्री श्री 108 रूद्रचंडी महायज्ञ सह शिव एवं देवी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूब गया। महायज्ञ के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाएं और युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं। श्रद्धालु नजदीकी जल स्रोत से पवित्र जल लेकर गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े और भक्ति गीतों के साथ यज्ञ स्थल तक पहुंचे। “हर हर महादेव” और “जय माता दी” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। यज्ञ स्थल पर विद्वान आचार्यों और पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन, पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य नव-निर्मित शिव एवं देवी मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करना है। मंदिर परिसर और यज्ञ मंडप को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। आयोजन समिति एवं ग्रामीणों के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण तथा बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्यों ने बताया कि यह महायज्ञ क्षेत्र की धार्मिक आस्था का केंद्र बन गया है और इससे समाज में एकता एवं भाईचारे का संदेश फैल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और माता दुर्गा से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। पूरी एघहारा पंचायत इन दिनों आध्यात्मिक माहौल में सराबोर है।

















Total Users : 811025
Total views : 2513538