Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

मेले में गोलगप्पा खाने से 250 लोग बीमार, स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

पलामू। पांकी प्रखंड अंतर्गत केकरगढ़ पंचायत के द्वारिका गांव स्थित रघुआ खाड़ के पास महाशिवरात्रि मेले में गोलगप्पा खाने के बाद 200 से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बीमारों की संख्या लगभग 250 बताई जा रही है। सभी को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक मेले में कोल्हवा, केकरगढ़, रिमिरामपुर, नौडीहा, ताल समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान एक ठेले पर गोलगप्पा खाने के बाद बच्चों और महिलाओं को उल्टी, बुखार, सिरदर्द, पेट दर्द और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते मेले में अफरातफरी मच गई। बीमार होने वालों में किरण कुमारी (16), राजवंती देवी (30), अंकुश कुमार (7), आरती कुमारी (10), आदर्श (13), अमृता देवी (35), रितेश कुमार (10), संध्या कुमारी, अंजलि कुमारी, शोभा कुमारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हैं।

सभी मरीजों का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश मरीज खतरे से बाहर हैं, हालांकि कुछ की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है। इधर समाजसेवी मुकेश सिंह चंदेल ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने बड़े मामले के बावजूद अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टर और संसाधन उपलब्ध नहीं थे। उनके अनुसार मरीजों के भर्ती होने के समय एक चिकित्सक और एएमओ सपना लकड़ा ही मौजूद थीं, जबकि अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती होनी चाहिए थी।

उन्होंने पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन से बातचीत कर गोलगप्पा बेचने वाले व्यक्ति की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग से मेले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की बात कही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है। खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment