
पत्थलगड़ा (चतरा)। लगभग 75 हजार की आबादी वाला पत्थलगड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय क्षेत्र आज भी उपडाकघर की सुविधा से वंचित है। वर्षों से लंबित इस मांग को लेकर सोमवार को सांसद प्रतिनिधि आशिष दांगी सहित अन्य लोगों ने सांसद कालीचरण सिंह से उनके चतरा स्थित आवास पर मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक एवं बैंक ऑफ इंडिया की एक-एक शाखा संचालित है। इसके अलावा पांच पंचायत और दो प्लस टू उच्च विद्यालय भी हैं। बावजूद इसके अब तक उपडाकघर की स्थापना नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि निकटतम उपडाकघर 35 किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित है। डाक संबंधी कार्यों के लिए लोगों को इटखोरी, चतरा और सिमरिया जाना पड़ता है, जबकि कई बार हजारीबाग प्रधान डाकघर तक भी जाना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खर्च होता है। सुकन्या समृद्धि योजना, बचत खाता, आवर्ती जमा खाता, किसान विकास पत्र, राष्ट्रीय बचत पत्र तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक जैसी योजनाओं का लाभ लेने में भी लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पत्थलगड़ा में शीघ्र उपडाकघर खोला जाए, ताकि क्षेत्र की बड़ी आबादी को डाक एवं बचत योजनाओं की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें। सांसद कालीचरण सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पत्थलगड़ा में डाकघर की स्थापना के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वर्षों पुरानी यह मांग अब जल्द पूरी होगी।





















Total Users : 808299
Total views : 2509876