
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक कौलेश्वरी मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित 10 दिवसीय पशु मेले का विधिवत उद्घाटन सोमवार को किया गया। मेले का शुभारंभ सिमरिया विधायक कुमार उज्जवल दास व जिला परिषद उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी आदि ने नारियल फोड़ एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर, सीओ अनंत सयनम विश्वकर्मा, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र कुशवाहा, मनोज कुमार कुशवाहा एवं विधायक प्रतिनिधि कपिल कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उद्घाटन के उपरांत विधायक ने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि यह पशु मेला न केवल व्यापार का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की कला, संस्कृति और पर्यटन को भी बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। जिला परिषद उपाध्यक्ष ने कहा कि इस मेले से किसानों को काफी सहूलियत मिलेगी, क्योंकि पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए यह एक बड़ा मंच है। उन्होंने वर्ष 2027 में मेले को और अधिक भव्य रूप देने हेतु दूर-दराज के व्यापारियों को आमंत्रित करने की बात कही। मेले के उद्घाटन के साथ ही पशुओं की खरीद-बिक्री प्रारंभ हो गई। कार्यक्रम में सिमरिया विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि विजय दांगी, महादेव दांगी, लखन दांगी, राजू लाल दांगी, सुनील कुमार राणा, रामदेव यादव सहित मेला समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। यह 10 दिवसीय मेला क्षेत्रीय आस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर हर वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है।





















Total Users : 808299
Total views : 2509876