
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर थाना परिसर में शनिवार को महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंचलाधिकारी अनंत सयनम विश्वकर्मा, थाना प्रभारी शिवा यादव, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि कपिल कुमार तथा जिला परिषद प्रतिनिधि बालेश्वर यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक के दौरान अंचलाधिकारी ने सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर परिसर के समीप बैरिकेडिंग लगाकर पूजा-अर्चना करने आने वाली महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो। बैठक में थाना क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और सभी ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। इसके अलावा महाशिवरात्रि के अवसर पर कालेश्वरी मंदिर में लगने वाले 10 दिवसीय प्रसिद्ध मेले के सुचारू संचालन पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि मेले में दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेला समिति को प्रशासन की ओर से भरपूर सहयोग दिया जाएगा। शांति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महाशिवरात्रि एवं मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।























Total Users : 806147
Total views : 2507022