न्यूज स्केल डेस्क
रांची/रामगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन होने के साथ झारखंड में एक युग का अवसान हो गया। रामगढ़ जिला के गोला प्रखंड स्थित पैतृक गांव नेमरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ दिवंगत शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पिता के पार्थिव शरीर को पारंपरिक रीति-रिवाज तथा रस्म के साथ मुखाग्नि दी। इस दौरान हर किसी की आंखें नम थी। मुखाग्नि देने से पहले और चिता पर लिटाने के बाद ही वहां मूसलाधार बारिश होने लगी। मानों कि दिशोम गुरु की विदायी पर आसमान भी रोया हो। इस मूसलाधार बारिश के बावजूद उनके चाहने वाले अपने मसीहा को अंतिम विदायी देने के लिये वहीं डटे रहे। पूरा का पूरा नेमरा गांव घाट पर पहुंच चुका था। क्या छोटा, क्या बड़ा, हर किसी आंखें नम थी। सबकी जुबां पर सिर्फ एक ही नारा था, दिशोम गुरु अमर रहें, शिबू सोरेन अमर रहे। इधर, जैसे ही शिबू सोरेन की चिता को मुखाग्नि दी गयी, उनके मुख्यमंत्री बेटे हेमंत सोरेन और बसंत सोरेन फूट-फूट कर रोने लगे। वहां, मौजूद हर किसी की आखों से आंसू बह रहे थे। इससे पहले रांची के मोरहाबादी स्थित आवास से पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नेमरा में अंतिम दर्शनार्थ के लिए रखा गया। जहां हजारों की संख्या में लोगों ने भावुक और नम आंखों से गुरुजी को नमन कर अंतिम विदाई दी।
अंतिम जोहार के लिए उमड़ा जन सैलाब

क्या आम और क्या खास, दिवंगत शिबू सोरेन जी के अंतिम जोहार के लिए नेमरा गांव में जन सैलाब उमड़ पड़ा था। उनके अंतिम दर्शन के लिए राज्य के अलग-अलग कोनों से लोग पधारे थे। इनमें अति विशिष्ट व्यक्ति से लेकर आम जन तक, हर कोई शामिल था। हर किसी ने झारखंड राज्य के प्रणेता, पथ प्रदर्शक औऱ मार्गदर्शक दिशोम गुरु जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान हर किसी का दिल उदास, व्यथित और आंखें नम थी।
रो पड़ा पूरा नेमरा

यूं तो दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के निधन की जानकारी मिलने के बाद से ही उनके पैतृक गांव नेमरा में उदासी और सन्नाटा पसर चुका था। हर कोई गमगीन था। घरों में चूल्हे तक नहीं जले थे। वहीं, आज जैसे ही दिशोम गुरु जी का पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचा, पूरा नेमरा रो उठा। परिजन एवं सगे-संबंधी समेत राज्य के दूर दराज से आए लोगों की आंखों से आंसू छलक रहे थे। सभी ने दिशोम गुरु को नमन कर अन्तिम विदाई दी।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नेमरा, गोला रामगढ़ पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में सम्मिलित हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना जताई और दिवंगत आत्मा के शांति और शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करने की कामना ईश्वर से की।

इससे पूर्व दिवंगत दिशोम गुरु के पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके आवास से विधानसभा ले जाया गया था। वहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और फिर तमाम नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दिवंगत दिशोम गुरु का काफिला उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) के लिए रवाना हुआा। रांची से नेमरा तक रास्ते भर उनके चाहने वालों ने उनपर फूल बरसाये। साथ ही दिशोम गुरु अमर रहें, शिबू सोरेन अमर रहे के नारे लगाते रहे।
ज्ञात हो कि बीते सोमवार दिल्ली के सर गंगाराम में दिशोम गुरु का निधन हो गया था। वो बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन के बाद देर शाम उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली से रांची लाया गया। वहीं मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर देर रात तक लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचते रहे।








