जंगल से बरामद हुआ नरकंकाल, शादी के दबाव में रची गई थी साजिश
बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाडीह गांव की 18 वर्षीय पुष्पा महतो की गुमशुदगी और हत्या के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब नौ महीने बाद सामने आई सच्चाई ने परिजनों को गहरा सदमा पहुंचाया है। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि पुष्पा की हत्या उसके ही प्रेमी दिनेश कुमार महतो ने की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर जंगल से मृतका का नरकंकाल, कपड़ों के अवशेष और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुष्पा 21 जुलाई 2025 से लापता थी। आरोपी दिनेश के साथ उसका लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि पुष्पा लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने साजिश रच डाली। उसने पुष्पा को चास कॉलेज बुलाने के बहाने अपने साथ ले गया और पास के जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी तथा शव को झाड़ियों में छिपा दिया।
मामले का लंबे समय तक खुलासा नहीं होने पर यह प्रकरण झारखंड हाईकोर्ट तक पहुंच गया था, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे। इसके बाद जांच को तेज करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने कुछ ही घंटों में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच के लिए एएफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस डीएनए परीक्षण और अन्य वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्य मजबूत कर रही है, ताकि अदालत में आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है, वहीं परिजनों में शोक और आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जाएंगी।
इसे भी पढ़ेः- नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप, मृत नवजात लेकर थाने पहुंची किशोरी मुर्गी फार्म की आड़ में चल रही नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़
इसे भी पढ़ेः- मुर्गी फार्म में देर रात लूट, मजदूरों से मारपीट, 400 से अधिक मुर्गियां, बाइक व सामान लेकर फरार बदमाश






















Total Users : 1164514
Total views : 2992737