VBU के जंतु विज्ञान विभाग में सम्मान समारोह, कुलपति ने स्मृति-चिह्न देकर दी शुभकामनाएं
हजारीबाग। विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के स्नातकोत्तर जंतु विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. किशोर कुमार गुप्ता के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान सह विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नितेश कुमार मोदी के स्वागत भाषण से हुई। दीप प्रज्वलन के बाद शिवम ने नृत्य के माध्यम से गणेश वंदना प्रस्तुत की। डॉ. के.के. गुप्ता के सम्मान में निशु और नितेश ने उन्हें साफा-पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने उन्हें स्मृति-चिह्न प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
कुलपति ने शैक्षणिक योगदान को सराहा
कुलपति ने डॉ. गुप्ता के दीर्घकालीन शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन से विश्वविद्यालय एवं विद्यार्थियों को लंबे समय तक लाभ मिलता रहा है। उन्होंने डॉ. गुप्ता के स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की कामना की। कुलसचिव सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि शिक्षक के लिए सेवानिवृत्ति ज्ञान और अनुभव को समाज तथा नई पीढ़ी के साथ और व्यापक रूप से साझा करने के नए अध्याय की शुरुआत है। कार्यक्रम में सीसीडीसी प्रो. मिथिलेश कुमार सिंह, डॉ. सरोज रंजन, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. गंगा नंद सिंह तथा विभागीय प्राध्यापक डॉ. मनोज कुमार ने भी अपने विचार रखे।
कविता और संगीत ने बांधा समां
समारोह में आरफा फातिमा, पम्मी कुमारी और गौतम कुमार ने डॉ. गुप्ता के सम्मान में भावपूर्ण कविताएं प्रस्तुत कीं। वहीं डेजी और कृतिका ने संगीत की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर डॉ. के.के. गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी रीता गुप्ता का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।
‘विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना शिक्षक का दायित्व’
डॉ. के.के. गुप्ता ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने, अनुशासन बनाए रखने और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाना भी है। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक पाठक, अनुपम शुभम, निधि पाठक, सुप्रिया रानी, संजना भारती, अंकिता यादव, अंशु कुमारी, अमन भारद्वाज और सीमा परवीन आदि ने किया।
मौके पर छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार, सीनेट सदस्य डॉ. अरुण मिश्रा, विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. इंद्रजीत कुमार, गणित विभागाध्यक्ष डॉ. गोविंद झा, डॉ. राजेंद्र मिस्त्री, डॉ. अजय शर्मा, डॉ. बीरेंद्र गुप्ता, डॉ. राजकुमार चौबे, डॉ. अविनाश कुमार, डॉ. कुमार आनंद, संजू भारती, कपिल देव, मोहसिना परवीन समेत शिक्षक, पूर्व विद्यार्थी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।























Total Users : 1162392
Total views : 2990601