SIT ने पूछताछ कर दर्ज किए बयान, अब तक 8 अभ्यर्थी गिरफ्तार
रांची। झारखंड सीजीएल-2023 के कथित पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) ने सोमवार को 20 और संदिग्ध अभ्यर्थियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया। एसआईटी ने सभी के बयान दर्ज किए।
इससे पहले भी जांच टीम करीब 150 अभ्यर्थियों और संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है। जांच के दौरान जिन लोगों के खिलाफ कथित गड़बड़ी में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य सामने आ रहे हैं, उनके खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। एसआईटी अब तक 8 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
दो कर्मचारियों से पूछताछ में मिले अहम सुराग
परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी वेबल और आईसीएन के दो कर्मचारियों सोमांश प्रकाश और राहुल को सीआईडी ने पांच दिनों की रिमांड पर लिया था। दोनों की रिमांड अवधि मंगलवार को समाप्त हो रही है। पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियों के आधार पर सीआईडी ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। रिमांड पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें जेल भेजे जाने की संभावना है।
1 जनवरी 2025 को दर्ज हुई थी FIR
गौरतलब है कि झारखंड सीजीएल-2023 के कथित पेपर लीक मामले में 1 जनवरी 2025 को सीआईडी थाना में कांड संख्या 01/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान एसआईटी अब संदिग्ध अभ्यर्थियों के साथ-साथ परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।






















Total Users : 1165149
Total views : 2993388