Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

लोहरदगा नगर परिषद का कचरा ग्रामीणों के लिए बना मुसीबत, दुर्गंध से परेशान ग्रामीण और राहगीर

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

लोहरदगा।– शहर की स्वच्छता व्यवस्था का बोझ अब ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे को सदर प्रखंड के कुटमू पंचायत अंतर्गत ओयना टोंगरी के समीप डंप किया जा रहा है, जिससे आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 

ओयना टोंगरी के आसपास कुटमू, ब्रह्मानडीहा समेत किस्को प्रखंड जाने वाले मुख्य मार्ग से गुजरने वाले लोगों को कचरे से उठने वाली तीव्र दुर्गंध झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी और बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कचरे के ढेर से निकलने वाली बदबू के कारण सड़क से गुजरना मुश्किल हो गया है, वहीं बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि नगर परिषद वर्षों से कचरा प्रबंधन की बात करती रही है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं बन पाई है। जानकारी के अनुसार नगर परिषद ने पूर्व में कचरा प्रबंधन परियोजना के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर जमीन भी खरीदी थी, लेकिन आज तक वहां वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। परिणामस्वरूप शहर का कचरा खुले में डंप किया जा रहा है।

 

इधर पिछले कुछ दिनों से नगर परिषद द्वारा निजी जमीनों पर भी कचरा गिराने का प्रयास किया गया, जिसका जमीन मालिकों ने कड़ा विरोध किया। विरोध के बाद कई स्थानों पर कचरा डंपिंग का कार्य बाधित हो गया है। इसका असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है।

 

मंगलवार को शहर के कई मोहल्लों से कचरे का उठाव नहीं हो पाया। लोगों ने शिकायत की कि नियमित रूप से कचरा संग्रहण नहीं होने के कारण घरों और सड़कों के किनारे कचरा जमा होने लगा है। यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो शहर में स्वच्छता व्यवस्था चरमरा सकती है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि कचरा प्रबंधन के लिए स्थायी एवं वैज्ञानिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आबादी वाले क्षेत्रों और मुख्य सड़कों के किनारे कचरा डंपिंग पर रोक लगाई जाए, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों को राहत मिल सके।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास और स्वच्छता के नाम पर शहर का कचरा गांवों में फेंकना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। नगर परिषद को जल्द से जल्द आधुनिक कचरा प्रबंधन केंद्र शुरू कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि शहर और गांव दोनों क्षेत्रों के लोग स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण में जीवन यापन कर सकें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment