उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समन्वय समिति व मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 से संबंधित हुई बैठक, पदाधिकारियों को दिए गए कई अवश्यक दिशा निर्देश
चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त अबु इमरान के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति, मनरेगा, पीएम आवास योजना ग्रामीण व शहरी एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 समेत अन्य विकास तथा कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा हुई। जिसमें मुख्य रूप से पीएम आवास योजना (ग्रामीण), वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर आवास योजना, अमृत सरोवर, मजदूरी भुगतान, नेशनल मोबाईल मॉनिटरिंग सिस्टम, मानव दिवस सृजन, 15वें वित्त द्वारा संचालित योजना की क्रमवार समीक्षा कर कई आवश्यक दिशा निर्देश पदाधिकारियों को दिए गए। पीएम आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी में जिन लाभुकों को किस्त की राशि दी जा चुकी है और उनके द्वारा आवास अभी तक पूर्ण नहीं कराया गया है। वैसे लाभुकों को चिन्हित कर स्थल निरीक्षण करते हुए आवास को पूर्ण कराएं। अगर इसके बाद भी लाभुकों के द्वारा आवास पूर्ण नहीं किया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई करें। किसी भी परिस्थति में शत प्रतिशत आवास को पूर्ण कराएं। आगे उन्होने कहा कि 31 अक्टूबर 2023 से 10 नवम्बर 2023 तक चलो करे आवास पुरा का दूसरा फेज प्राप्त निर्देश के आलोक में चलाया जाना निर्धारित है। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारी आपस में समन्वय स्थापित करते हुए पुरी तैयारी कर ले जिससे कि अभियान के क्रम में शत प्रतिशत आवास को पूर्ण कराया जा सके। 15वें वित्त आयोग से प्राप्त आवंटन के विरूद्ध किए गए खर्च की समीक्षा प्रखंडवार कर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त आवंटन का शत प्रतिशत राशि का सदुपयोग किया जाय। 27 को हुए मतदाता सूची का प्रकाशन एवं स्पेशल कैम्पेन अभियान के तहत दिनांक 28, 29 अक्टूबर, 04 एवं 05 नवंबर 2023 तक चलने वाले अभियान की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि उक्त तिथि को चलने वाले अभियान के तहत सभी बीएलओ अपने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर नाम पंजीकरण, सुधार, विलोपन, ब्लैक एण्ड वाईट फोटो, खराब गुणवत्ता वाला फोटो प्रतिस्थापन का कार्य करेंगे और आगे बैठक में उपस्थित बीडीओ को निर्देशित किया गया कि फार्म 6, 7 एवं 8 की मॉनिटरिंग करेंगे और प्राप्त फार्म का रिपोर्ट प्रतिदिन जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करायेंगे। साथ ही अपने क्षेत्रों में सभी मतदाताओं को जागरूक करने के साथ ही आने वाले मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सह डीआरडीए निदेशक अरूण कुमार एक्का, एसडीओ चतरा सुरेन्द्र उरांव, एसडीओ सिमरिया सुधीर कुमार दास, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी वैभव सिंह जिला परिवहन पदाधिकारी इन्द्र कुमार, सभी बीडीओ समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।








