सांसद, विधायक, जिप अध्यक्ष व डीएफओ ने किया पौधरोपण के लिए प्रेरित, विधायक ने प्रत्येक नागरिक से पांच पौधे लगाने की अपील
कुंदा (चतरा)। कुंदा प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के प्रांगण में सोमवार को 77वां वन महोत्सव धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कालीचरण सिंह, विशिष्ट अतिथि विधायक जनार्दन पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी एवं डीएफओ राहुल मीणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन उमेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
मौके पर विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि जब तक धरती को हरा-भरा नहीं बनाया जाएगा, तब तक मानव जीवन पर जल प्रदूषण, ऑक्सीजन की कमी समेत कई तरह के खतरे मंडराते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाने से वर्षा जल की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को शुद्ध हवा भी मिलेगी। विधायक ने प्रत्येक नागरिक से कम से कम पांच-पांच पौधे लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना और पेड़ों को कटने से बचाना भी जरूरी है। पेड़-पौधों को बच्चों की तरह संरक्षण देने की आवश्यकता है, तभी पौधरोपण का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सकेगा।
जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी ने कहा कि एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान होता है। इसलिए जब भी अवसर मिले, प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है।
वहीं, डीएफओ राहुल मीणा ने कहा कि पेड़-पौधों की मानव जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके बिना मानव जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। पेड़-पौधों से मनुष्य को स्वच्छ ऑक्सीजन मिलती है और पर्यावरण संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मनुष्य से कुछ लेते नहीं, बल्कि जीवनभर देने का काम करते हैं। उन्होंने बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
वन महोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वनपाल दिवाकर कुमार, शिक्षक पवन कुमार, अमरदीप कुमार, थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा, अखलेश यादव, प्रमुख प्रतिनिधि जयराम भारती, अनिता कुमारी समेत अन्य लोग मौजूद थे।





















Total Users : 1136537
Total views : 2961194