शिव मंदिर में जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने की सुख-शांति और समृद्धि की कामना
सिमरिया (चतरा)। वनवासी कल्याण केंद्र के तत्वावधान में सावन माह के अंतिम सोमवार को देल्हो में श्रद्धा और आस्था के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा की शुरुआत देल्हो स्थित शिव मंदिर से हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुलूस की शक्ल में कोईरी छठ तालाब पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ कलश में जल भरा गया।
जल भरने के बाद श्रद्धालु पुनः जुलूस के रूप में देल्हो स्थित शिव मंदिर पहुंचे। यहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-शांति, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई। कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंजता रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में वनवासी कल्याण केंद्र के जिला अध्यक्ष कृष्ण चंद्र सिंह, जिला संगठन मंत्री दयाशंकर जी, जिला महामंत्री नंददेव महतो, जिला महिला मंडल प्रमुख किरण देवी, मंडल प्रमुख सरिता देवी तथा जिला समिति सदस्य तुलसी गंझू एवं तितली बिरहोर ने अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में जागरूकता लाने के साथ लोगों को अपनी धर्म, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकजुटता भी मजबूत होती है। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में मालती देवी, उर्मिला देवी, शांति देवी एवं कपूरवा देवी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




















Total Users : 1136538
Total views : 2961195