250 बच्चों के लिए एक शिक्षक, 1350 विद्यार्थियों के लिए न खेल शिक्षक न मैदान; चार पीजीटी शिक्षक भी दूसरे विद्यालयों में प्रतिनियोजित
प्रतापपुर (चतरा)। विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और विद्यालय के समुचित विकास को लेकर प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीयकृत उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय कौरा की विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शैलेश शर्मा ने विद्यालय की समस्याओं को लेकर गंभीर पहल की है। उन्होंने सांसद कालीचरण सिंह को लिखित आवेदन देकर विद्यालय की एक-एक समस्या से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक करीब 250 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई महज एक पीआरटी शिक्षक के भरोसे चल रही है। समिति अध्यक्ष ने विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था कराने की मांग की है।
विद्यालय में प्रयोगशाला सामग्री उपलब्ध होने के बावजूद प्रयोगशाला सहायक नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया है। वहीं, विद्यालय में करीब 1350 विद्यार्थी होने के बावजूद खेल शिक्षक और खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध नहीं है। समिति अध्यक्ष ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इन सुविधाओं की व्यवस्था कराने की मांग की है।
आवेदन में यह भी बताया गया है कि विद्यालय के चार पीजीटी शिक्षक—रसायन विज्ञान, अंग्रेजी, जीव विज्ञान और कॉमर्स के शिक्षक वर्तमान में अन्य विद्यालयों में प्रतिनियोजित हैं। समिति अध्यक्ष ने इन शिक्षकों को उनके मूल विद्यालय में वापस लाने की मांग सांसद के समक्ष रखी है, ताकि विद्यालय में विषयवार पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके।
विद्यालय में लगातार बनी रहने वाली बिजली की समस्या को देखते हुए समिति अध्यक्ष ने विद्यालय की आवश्यकता के अनुरूप कम से कम 20 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि वैकल्पिक बिजली व्यवस्था होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ प्रयोगशाला एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियां भी बेहतर तरीके से संचालित हो सकेंगी।

विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष शैलेश शर्मा की यह पहल केवल समस्याओं को सामने रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के हित में उनके समाधान का रास्ता तलाशने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। उनकी सक्रियता से विद्यालय के अभिभावकों और विद्यार्थियों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है। बताया गया कि सांसद कालीचरण सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। अब विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लोगों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का इंतजार है।




















Total Users : 1136538
Total views : 2961195