राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी के लिए हुआ चयन, विद्यालय और जिले में खुशी का माहौल
पत्थलगड़ा (चतरा)। +2 जनता उच्च विद्यालय, पत्थलगड़ा के कक्षा 10वीं के छात्र रोशन प्रसाद कुशवाहा ने राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं चतरा जिले का नाम रोशन किया है। राजधानी रांची में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में रोशन ने अपने वैज्ञानिक मॉडल और नवाचार का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी के लिए स्थान पक्का किया है। विद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में 24 अगस्त 2026 को इसकी जानकारी दी गई है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से चयनित बाल वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रोशन प्रसाद कुशवाहा के तकनीकी मॉडल, कार्यप्रणाली एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को निर्णायकों ने सराहा और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अनुशंसा प्रदान की।
शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली सफलता
विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार ने रोशन की सफलता में विज्ञान एवं व्यावसायिक विभाग के शिक्षकों तथा तकनीकी सहयोगियों के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया। छात्र को रोशन, नवल किशोर, प्रशांत वैभव और देवाशीष ने मार्गदर्शन दिया, जबकि दीपू ने मार्गदर्शक एवं प्रयोगशाला सहयोगी के रूप में सहयोग किया। सत्येंद्र कुमार का भी तकनीकी सहयोग रहा।
शिक्षकों के अनुसार रोशन शुरू से ही तकनीकी प्रयोगों और वैज्ञानिक गतिविधियों में विशेष रुचि रखता है। शिक्षकों एवं तकनीकी टीम के निरंतर मार्गदर्शन से उसने यह उपलब्धि हासिल की। प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार समेत विद्यालय के सभी शिक्षकों ने रोशन प्रसाद कुशवाहा को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।





















Total Users : 1136623
Total views : 2961302