Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.15 किलो गांजा और 11 बोतल अवैध शराब जब्त—दो कथित तस्कर गिरफ्तार

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

झारखंड-बिहार सीमा पर तस्करी के नेटवर्क का खुलासा, कार से गांजा बरामद; चतरा शहर में होनी थी सप्लाई

चतरा/हंटरगंज। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हंटरगंज थाना पुलिस ने झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 9 किलो 150 ग्राम गांजा, 750 एमएल की 11 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक हुंडई कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हंटरगंज थाना क्षेत्र के भोंदल गांव निवासी रोहित कुमार और हंटरगंज बाजार निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने रोहित कुमार को भोंदल-प्रतापपुर मोड़ के समीप उसकी सफेद रंग की हुंडई कार के साथ पकड़ा, जबकि उसकी निशानदेही पर पवन कुमार को हंटरगंज बाजार से गिरफ्तार किया गया।

सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों आरोपियों का संबंध अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह से है। गिरोह में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस कार्रवाई जारी रखेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार एसपी को सूचना मिली थी कि रोहित कुमार अपनी सफेद हुंडई कार में गांजा लेकर प्रतापपुर मोड़ की ओर आने वाला है। सूचना का सत्यापन करने के बाद हंटरगंज थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक बिपिन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

पुलिस टीम ने भोंदल-प्रतापपुर मोड़ के पास संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से दो सफेद प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर एक बोरे में 6 किलो 800 ग्राम और दूसरे में 2 किलो गांजा मिला।

इसके बाद रोहित कुमार के घर की तलाशी ली गई, जहां से ओल्ड हैबिट कंपनी की 750 एमएल की 11 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। रोहित की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी पवन कुमार के घर से भी 350 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की सप्लाई चतरा शहर में की जानी थी। मामले में पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी बिपिन कुमार के साथ एसआई नितेश कुमार प्रसाद, एसआई नवीनचंद्र सिंह, एएसआई सुनील कुमार दुबे सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हंटरगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment