Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

जमीन विवाद सुलझाने की मांग को लेकर 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

प्रशासन के आश्वासन के बाद सुरक्षित नीचे उतरे मनोरंजन सिंह, निर्माण कार्य की जांच का मिला भरोसा

मयूरहंड(चतरा)। मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र के पचघारा गांव निवासी मनोरंजन सिंह सोमवार को जमीन विवाद के मामले में न्याय और समस्या के समाधान की मांग को लेकर करमा स्थित करीब 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

बताया गया कि मनोरंजन सिंह लंबे समय से जमीन से संबंधित विवाद के समाधान की मांग कर रहे थे। अपनी मांग पूरी नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने टावर पर चढ़कर चेतावनी दी कि यदि उनकी जमीन से जुड़ी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वह टावर से कूदकर जान दे देंगे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को संभालने में जुट गई।

मौके पर पहुंचे डीएसपी सुनील कुमार सिंह, थाना प्रभारी राहुल दुबे और बीडीओ मनीष कुमार सिंह ने युवक को काफी देर तक समझाया। अधिकारियों ने उसे आश्वस्त किया कि जमीन विवाद से संबंधित उसकी शिकायत की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मनोरंजन सिंह ने संबंधित स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर भी आपत्ति जताई। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्माण कार्य की जांच कराने तथा जांच में निर्माण अवैध पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन और समझाने-बुझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस और प्रशासन की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित किया गया और किसी अप्रिय घटना को होने से रोक लिया गया। टावर से नीचे उतरने के बाद मनोरंजन सिंह ने कहा कि उनकी जमीन से जुड़ी समस्या का उचित समाधान होना चाहिए। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के बाद करमा क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment