WhatsApp Group
Join Now
गुमला: गुमला जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इसे लेकर शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को गुमला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजेश लोहानी की अध्यक्षता में जिला नियोजन पदाधिकारी अनामिका तिर्की से शिष्टाचार मुलाकात किया गया।
जिसमें निर्णय लिया गया कि छठ पूजा के बाद जिला नियोजनालय केंद्र एवं गुमला चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप के माध्यम से वैसे बेरोजगार युवक-युवतियों का निबंधन कराया जाएगा, जो स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रतिष्ठानों, दुकानों, फर्मों एवं कंपनियों में काम करना चाहते हैं। वहीं, जिले के ऐसे दुकानदार, फर्म संचालक, कंपनी एवं फैक्ट्री प्रबंधन, जो स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार देना चाहते हैं, वे अपनी रिक्तियों के अनुसार जिला नियोजनालय केंद्र में निबंधन कराकर योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति कर सकेंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिलेंगे और प्रतिष्ठानों को भी योग्य कर्मचारी उपलब्ध हो सकेंगे।
इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी अनामिका तिर्की ने सरकार की अप्रेंटिस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत दुकानदार, प्रतिष्ठान एवं कंपनियां किसी भी युवक-युवती को एक वर्ष के लिए अप्रेंटिस के रूप में प्रशिक्षण दे सकती हैं। प्रशिक्षण अवधि के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान को निर्धारित स्टाइपेंड देना होगा। इसके अतिरिक्त सरकार की ओर से प्रशिक्षु को प्रतिमाह 1500 रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षु का कार्य संतोषजनक रहने पर प्रतिष्ठान संचालक एक वर्ष बाद उसे अपने दुकान, फर्म या कंपनी में नियमित रूप से नियुक्त कर सकते हैं। चैंबर की इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ना तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों और स्थानीय युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
इस अवसर पर एफजेसीसीआई रांची के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दामोदर कसेरा, गुमला चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव प्रणय कुमार, उपाध्यक्ष अभिजीत जायसवाल एवं श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के यंग प्रोफेशनल रवि कुमार गल्होत उपस्थित थे।


















Total Users : 1258926
Total views : 3122243